गिलौला। नेपाल स्थित प्रभुुनाथ मंदिर से दर्शन कर लौट रहे गिलौला के श्रद्धालुओं का वाहन पहाड़ पर पलट गया। हादसे में वाहन सवार नौ श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को नेपाल के बॉर्डर बढ़नी के निजी अस्पताल ले जाया गया। बेहतर इलाज न मिलने पर सभी सीएचसी इकौना पहुंचे। तीन श्रद्धालुओं की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
गिलौला बाजार निवासी 12 श्रद्धालुओं का जत्था नेपाल स्थित प्रभुनाथ में दर्शन-पूजन के लिए गया था। दर्शन-पूजन के बाद शुक्रवार को सभी घर लौट रहे थे। नेपाल में भिंगुरी के भालू बांध पर उनका वाहन पलट गया। हादसे में वाहन सवार मदन गोपाल (50), राम सनेही (55), मायावती (50), दीपाली (08), त्रिभवन (60), श्रीराम (25), बालकराम (53), जगदम्बा (45) व दिवाकर (27) गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने बताया कि सभी घायलों को बढ़नी ले जाया गया, लेकिन वहां समुचित इलाज नहीं मिली। इसके बाद रात लगभग 11 बजे सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद मदन गोपाल, त्रिभुवन व दिवाकर की हालत गंभीर देख इन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।