सहालग के चलते भिनगा में बर्तनों की खरीदारी करते लोग।
श्रावस्ती। सहालग का दौर शुरू होते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। कहीं कोई कपड़ों की खरीदारी करता नजर आ रहा है तो कोई बर्तन के दुकानों पर मोलभाव करने में जुटा है। खरमास के समापन के साथ ही वैवाहिक व अन्य मांगलिक कार्यक्रमों की धूम मच गई है। ऐसे में क्षेत्रीय बाजार भी ग्राहकों से गुलजार हो गए हैं। शनिवार को बाजार में बर्तन की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटी रही। कोई बेटी को देने के लिए थाली, कटोरी, गिलास, भगौना व कुकर खरीदता दिखा, वहीं कोई पांव पूजने के लिए बर्तनों की खरीदारी कर रहा था।
कुछ लोग उपहार देने के लिए बाल्टी, भगौना, थाली का वजन कराने व मोलभाव करने में व्यस्त दिखे। बर्तन व्यवसायी ने बताया कि इस समय फूल के बर्तन 650 से 700 रुपये, एल्युमिनियम के बर्तन 350 रुपये, स्टील के बर्तन 200 व नॉनस्टिक के बर्तन 400 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहे हैं। सहालग के दौरान फूल व स्टील के बर्तनों की मांग बढ़ी है।