इकौना/कटरा। नवीन मॉडर्न क्षेत्र स्थित कटरा हवाई अड्डे के गेट के पर सोमवार सुबह ड्यूटी पर तैनात उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपीएसएसएफ) के जवान जवान की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू की है।
अंबेडकरनगर के कटका थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत डल्ला निवासी चंदन कुमार (32) यूपीएसएसएफ में 2019 बैच के जवान थे। दो साल पहले उनकी तैनाती श्रावस्ती एयरपोर्ट पर हुई थी। रविवार को उनकी ड्यूटी रात 12 बजे से सुबह आठ बजे तक थी। सुबह करीब सात बजे के आसपास वह एयरपोर्ट के गेट के सामने बौद्ध परिपथ के किनारे चले गए। आशंका है कि लघुशंका के लिए गए होंगे। इसी बीच इकौना कस्बे के तिलकनगर निवासी शरद (17) व अनमोल (18) सावन के पहले सोमवार पर पृथ्वीनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर बाइक से घर लौट रहे थे।
इनकी बाइक से चंदन को जोरदार टक्कर लग गई। इससे चंदन व दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी जवानों ने तीनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शरद व अनमोल का इलाज जारी है। नवीन मॉडर्न थाना प्रभारी जयहरि मिश्रा ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इकौना सीएचसी में भर्ती घायल बाइक सवार। मृतक चंदन कुमार