श्रावस्ती। डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को 50 लाख व उससे अधिक की लागत वाले विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने डायट इकौना के सौंदर्यीकरण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए यूपीपीसीएल के जेई को फटकार लगाई।
डीएम कृतिका शर्मा ने कहा कि निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता की जांच टेक्निकल टीम से कराई जाएगी। कमी मिलने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के दौरान यूपीपीसीएल की ओर से डायट इकौना के सुदृढ़ीकरण व निर्माण कार्य तथा आईटीआई जमुनहा में आवास निर्माण एवं साइकिल स्टैंड निर्माण कार्य एक वर्ष से विलंबित मिला। इस पर कार्यदायी संस्था के जेई को फटकार लगाते हुए चालू माह के अंत तक कार्य पूरा कर उसे हस्तांतरित कराने का निर्देश दिया।
वहीं जिला कारागार, छह अतिरिक्त न्यायालय कक्षों, सीताद्वार झील के सौंदर्यीकरण, राजकीय इंटर काॅलेज वर्गावर्गी, राजकीय हाईस्कूल सेमरा टिटिहरिया के निर्माण के प्रगति की समीक्षा कर उसे समय से पूरा कर हस्तगत कराने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने जल निगम, आवास विकास परिषद, जिला पंचायत, सीएनडीएस, यूपीपीसीएल सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा कर उसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव ने की। इस दौरान सीडीओ अनुभव सिंह, डीडीओ रामसमुझ, सीएमओ डाॅ. एपी सिंह, डीएफओ डीएन सिंह, डीडीएजी कमल कटियार, अधिशासी अभियंता लोकनिर्माण विभाग एसके हरित, सीवीओ डॉ. मानव, डीआईओएस मिथलेश कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव खड़ायत, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अभिषेक उपाध्याय, बीएसए अमिता सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे।