श्रावस्ती की ग्राम पंचायत भयापुरवा में धर्मांतरण चल रहा था। पुलिस ने इसका पर्दाफाश किया है। सोमवार को पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही मौके से भारी मात्रा में ईसाई धर्म की पुस्तकें व अन्य सामग्री बरामद की है।हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भयापुरवा में बड़े स्तर पर हो रहे धर्मांतरण की साजिश का भंडाफोड़ करते हुए एसपी राहुल भाटी ने बताया कि मुख्य आरोपी भयापुरवा निवासी राजेश व कुंदन को गिरफ्तार किया है।
जब पुलिस ने गांव में दबिश दी तो तंबू-कनात के नीचे सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा दिखे। एक युवक धर्मग्रंथ पढ़ते हुए लोगों को धर्म बदलने के लिये प्रेरित करता नजर आया। वहीं, एक अन्य युवक लोगों को बेहतर जीवन शैली, दैवीय प्रसाद प्राप्त होने का मनोवैज्ञानिक दबाव बनाता दिखा। दोनों युवक धार्मिक पोस्टर दिखाकर 'यीशू का लहू हमें सब पापों से शुद्ध करता है...तुम लोग भी ईसाई समुदाय में शामिल हो जाओ। प्रभू ईसा मसीह में विश्वास करो आदि कहते सुने गए।'
पकड़े गए युवक राजेश कुमार व कुंदन ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वो लोगों को आभूषण, धन, अनाज, खाद्य सामग्री आदि का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते थे। राजेश कुमार ने बताया कि उसका भाई शाखा व चाचा का लड़का रवि घूम-घूम कर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के कहते थे।