श्रावस्ती। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों के अंकपत्रों में गड़बड़ी को दूर करने के लिए पहली बार यूपी बोर्ड की तरफ से भिनगा में शिविर लगाया जाएगा। यह जानकारी अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा के प्राचार्य ज्योति प्रकाश पांडे ने दी।
प्राचार्य ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद से ही बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालयों और बोर्ड मुख्यालय पर ऐसे छात्रों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है। जिनका अंकपत्र में नाम, पिता, माता का नाम, जन्म तिथि सहित अन्य गड़बड़ियां अंकित हो जाती हैं।
यूपी बोर्ड ने पहली बार परीक्षार्थियों की इस प्रकार की समस्या को दूर करने के लिए अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा में सोमवार को कैंप लगवाएगा। ऐसे में जिले के वे परीक्षार्थी जिनके अंकपत्र में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी है, कैंप में पहुंचकर गड़बड़ी को दुरुस्त करा लें। संवाद