तुलसीपुर। राप्ती नदी में मधवापुर घाट के पास शनिवार को आधा धड़ पानी में आधा रेत में फंसा हुआ शव दिखाई दिया। कुछ ही देर में इसकी खबर चारों तरफ फैल गई और लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। हालांकि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
मल्हीपुर क्षेत्र के मधवापुर घाट के पास राप्ती नदी में एक व्यक्ति का शव ग्रामीणों को उतराता दिखा। घटना की खबर चारो तरफ जंगल की आग की तरह फैल गई। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। इसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। मल्हीपुर थाना प्रभारी महेन्द्र कुमार सिंह मौके पर पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक केवल नीले रंग की अंडर वियर और हाथ में घड़ी पहने हुए था। इस संबंध में भिनगा पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो पाई है। पड़ोसी जिले के थानों को और सोशल मीडिया पर साथ ही तीन टीम बनाकर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि शव को मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है।