तुलसीपुर (श्रावस्ती)। जोखवा बाजार निवासी एक मोटर साइकिल पर सवार दो लोग किसी काम से बहराइच जा रहे थे। मोटर साइकिल सवार फोर लेन स्थित ककंधू मोड़ के निकट सड़क पार कर रही महिला को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया। जिससे मोटर साइकिल मार्ग किनारे पानी भरे खड्ड में जा गिरी। दुर्घटना में मोटर साइकिल चला रहे युवक की डूबकर मौके पर मौत हो गई। जबकि साथ में मौजूद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सोनवा पुलिस ने जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया। जहां से उसे बहराइच रेफर किया गया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम जोखवा बाजार के श्रीनगरा निवासी चंद्रसेन (31) पुत्र राजितराम सोमवार को किसी काम से बहराइच जा रहा था। इस दौरान मोटर साइकिल पर उसके साथ गांव का ही सुंदर लाल (24) पुत्र ननकऊ भी था। जैसे ही चंद्रसेन मोटर साइकिल लेकर सोनवा थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित ककंधू मोड़ पहुंचा। तभी एक महिला सड़क पार कर रही थी। जिसे बचाने के प्रयास में चंद्रसेन मोटर साइकिल से नियंत्रण खो बैठा। इससे मोटर साइकिल अनियंत्रित हो गई। जिससे मोटर साइकिल पर पीछे बैठा सुंदर लाल मार्ग पर ही गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि चंद्रसेन खड्ड में जा गिरा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस दौरान खड्ड में पानी भरा होने के कारण उसकी डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सुचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सुंदर लाल को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने देखा कि चंद्रसेन की लाश पानी में पड़ी हुई थी। जिसे परिवारीजनों द्वारा खड्ड से बाहर निकाला गया। जिसका पंचनामा भराकर सोनवा पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।