श्रावस्ती। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले दो युवकों को जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके खिलाफ आईटी एक्ट में मामला पंजीकृत किया गया है।
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहे विरोध को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से जिले में अमन चैन बनाए रखने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अपील भी की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस गांव गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है। इसके बावजूद कुछ शरारती तत्वों की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट प्रसारित कर अमन चैन बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले में साइबर सेल ऐसी पोस्ट की निगरानी कर रही है। इकौना के ग्राम चैनपुर निवासी नसरुद्दीन व थाना मल्हीपुर के ग्राम फत्तेहपुर बनगई के मजरा गड़रियन पुरवा निवासी अब्दुल पठान उर्फ अब्दुल्ला की ओर से सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश पोस्ट किए गए थे। इनसे सामाजिक माहौल बिगड़ने व शांति व्यवस्था भंग होने की संभावना पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध स्थानीय पुलिस ने आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया है।