श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है। वहीं, इससे स्वस्थ होने वालों की संख्या भी संतोषजनक कही जा सकती है। सोमवार को आई रिपोर्ट में इकौना नगर सहित क्षेत्र के दो लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं, कोरोना को मात देकर चार लोग स्वस्थ हो गए।
वैश्विक महामारी कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच सोमवार का दिन राहत भरा रहा। जारी की गई रिपोर्ट में इकौना नगर के मोहल्ला बेचूबाबा में एक व क्षेत्र के ही बनकटा निवासी एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां लोगों को अहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है। वहीं जिले के चार लोग कोरोना से स्वस्थ हो गए। इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने कहा कि कोरोना से बचाव का एक मात्र उपाय सावधानी है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह बगैर मास्क व गमछा बांधे घरों से बाहर न निकलें। एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखें।