श्रावस्ती। दुर्गापुर केपी के मजरा गड़रा में पैसे के लेनदेन को लेकर गुरुवार को दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इस दौरान एक पक्ष ने सधईपुरवा मोड़ स्थित ढाबली को ढहा दिया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस के साथ ही पीएसी को तैनात किया गया है। गांव में अब स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दुर्गापुर केपी के मजरा चिकवनपुरवा निवासी संतोष तिवारी ने गड़रा निवासी हकीम को हरिहरपुर निवासी अपने बहनोई जमुना प्रसाद की भूमि का बैनामा कराने के लिए एक लाख नब्बे हजार रुपये लिया था। इसके बाद जमुना प्रसाद ने हकीम को भूमि देने से मना कर दिया था। इस पर हकीम संतोष से पैसा वापस मांग रहा था। इसी बात को लेकर बुधवार को दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया।
हकीम व उसके पुत्र मोहम्मद आमिर ने संतोष की पिटाई कर दी, बाद में संतोष तिवारी ने अपने सहयोगी संकटराम तिवारी के साथ गुरुवार को सधईपुरवा मोड़ पहुंच कर ढाबली पर मौजूद हकीम व उसके पुत्र से विवाद किया। इसके साथ ही ढाबली को गिरा दिया। इस दौरान वहां मौजूद इस्लाम व उसके पुत्र जमालुद्दीन ने इसका विरोध किया। जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई। इस दौरान इस्लाम व जमालुद्दीन ने संकटराम की पिटाई कर दी।
बीच बचाव करने पहुंचे एक राहगीर को भी चोट आई थी। घटना से नाराज संतोष ने अपने सहयोगियों व ग्रामीणों के साथ मिल कर हकीम के गांव पहुंच विवाद शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर मामला शांत कराया।
इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन नामजद व बीस अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस व पीएसी तैनात कर दी गई है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।