सिरसिया थाने में समीक्षा बैठक करते एएसपी।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। थानों में जहां केस दर्ज करने में हीला हवाली की जा रही है, वहीं मुकदमों की विवेचना में भी लापरवाही बरती जा रही है। इसका खुलासा शनिवार की देर शाम सिरसिया थाने में अपराध समीक्षा बैठक में हुआ। इस पर नाराजगी जताते हुए एएसपी ने दो विवेचकों के विरुद्ध जांच करने का निर्देश दिया है।
सिरसिया थाने का शनिवार देर शाम एएसपी बीसी दुबे ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मेस, बैरक, आवास, महिला व पुरुष बंदीगृह, मालखाना, शौचालय, पेयजल व्यवस्था सहित सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय में रखे अभिलेखों की जांच की। इसमें कई अभिलेख अपूर्ण मिलने पर नाराजगी जताते हुए प्रधान आरक्षी को रजिस्टर व अभिलेख सुव्यवस्थित रखने व उनको पूरा करने का निर्देश दिया।
थाने में गंदगी दिखने पर थाना प्रभारी विनोद कुमार को सफाई कराने को कहा। इसके बाद थाने में बैठक कर अपराध की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें 38 विवेचनाएं लंबित मिली। इसमें दो विवेचकों की विवेचनाएं काफी समय से लंबित मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए दोनों विवेचकों की ओर से बरती गई लापरवाही की जांच कराने को कहा।
वहीं एसपी अनूप सिंह ने जिले के थानों में खड़े लावारिस वाहन व माल मुकदमाती वाहनों का निपटारा कराने के लिए पूर्व में निर्देश दिए थे। इसका अनुपालन कराने के लिए रविवार को एएसपी ने पुलिस कार्यालय में सभी थानों पर नियुक्त मालनिस्तारण उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षी व पैरोकार के साथ बैठक की। इसमें लंबित मामलों की समीक्षा की गई। इसके साथ मातहतों को थानों पर खड़े वाहनों की पैरवी कर यथाशीघ्र निपटारा कराने का निर्देश दिया।