श्रावस्ती। तराई में कोरोना की रफ्तार भले ही धीमी पड़ चुकी हो। लेकिन अभी इसका प्रकोप जारी है। इससे कोरोना वारियर्स भी अछूते नहीं हैं। सोमवार को आई रिपोर्ट में एक स्वास्थ्य कर्मी सहित दो लोग कोरोना संक्रमित मिले, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। एक संक्रमित स्वस्थ भी हुआ, जिसे घर भेजा गया है।
मौजूदा समय संक्रमितों की संख्या कम है। सोमवार को आई रिपोर्ट में जमुनहा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित मिला। इसके साथ ही इकौना के रामपुर निवासी एक युवक की जांच रिपोर्ट भी कोरोना संक्रमित मिली। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है।
वहीं इकौना के चक्रभंडार निवासी एक युवक कोरोना से मुक्त हो कर घर पहुंचा। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या घट कर अब मात्र 32 रह गई है। देखा जाए तो जिले में अब तक 127798 लोगों की जांच की गई। इनमें से 126503 की रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है।
इनमें 1120 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। वहीं 1075 लोग स्वस्थ भी हुए। हाला कि इस बीच 13 लोगों की कोरोना से मौत भी हो चुकी है। जिले में कुल 205 कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए थे। इनमें से मौजूदा समय 10 कंटेनमेंट जोन अब भी एक्टिव हैं। इनमें इकौना में छह, जमुनहा में एक व भिनगा में तीन कंटेनमेंट जोन शामिल हैं।
सीएमओ एपी भार्गव बताते हैं कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। आगामी दिनों कई त्योहार मनाए जाएंगे। इस दौरान बाजार में चहल पहल भी रहेगी। इसलिए लोगों से अपील है कि वह एहतियात बरतें व कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन करें