तालाब में डूबने से दो मासूम की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन। स्रोत ग्रामीण
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। ग्राम पंचायत नासिरगंज निवासी मोहम्मद शमी (5) व मारुफ (7) बुधवार शाम गांव के पास स्थित तालाब में नहाने के दौरान डूब गए। इससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इन्कार कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी मुबीन के पुत्र शमी व गोरी के पुत्र मारुफ खेलते-खेलते तालाब के किनारे चले गए थे। दोनों तालाब में उतर गए और नहाने लगे। तालाब की गहराई अधिक होने से दोनों डूब गए। बच्चों के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। उसी दौरान राहगीरों ने तालाब में एक शव उतराते देख इसकी सूचना बच्चों के परिजनों को दी।
रोते-बिलखते परिजन तालाब के पास पहुंचे और शव को बाहर निकाला। एक साथ दो बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सोनवा थाना प्रभारी बिसुनदेव पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इन्कार कर दिया।
थाना प्रभारी बिसुनदेव पांडेय ने बताया कि परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए कहा जा रहा है, लेकिन परिजन पोस्टमार्टम न करवाने पर अड़े हैं। शव उन्हें सौंप दिए गए हैं।