इकौना (श्रावस्ती)। बनकटी मोड़ व मुर्गी फॉर्म के पास रविवार रात अलग-अलग हादसों में दो लोग घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी इकौना भेजा गया। वहां से दोनों को मेडिकल काॅलेज बहराइच रेफर किया गया है।
इकौना देहात के मजरा लोहरनपुरवा निवासी अजय कुमार (28) रविवार को इकौना से लौट रहा था। बनकटी मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। अजय मोटरसाइकिल सहित मार्ग दूर जा गिरा। कार सवार मौके से वाहन सहित भाग निकला। घायल को सीएचसी इकौना से मेडिकल काॅलेज बहराइच रेफर किया गया।
वहीं एक अन्य घटना में इकौना के गौतम नगर निवासी मोहम्मद फिरोज (50) रविवार देर रात इकौना बाईपास स्थित अपनी दुकान से साइकिल से लौट रहा था। बाईपास स्थित मुर्गी फाॅर्म के पास बलरामपुर से आ रहे मोटरसाइकिल सवार ने उसे टक्कर मार दी। घायल फिरोज को स्थानीय लोगों के सहयोग से सीएचसी इकौना लाया गया। जहां से बाद में उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।