महसी (बहराइच)। हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरदी गौरा में सोमवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग से चार मकान राख हो गए। आग से ग्रामीणों के घरों में रखे सामान, नगदी समेत लगभग डेढ़ लाख के नुकसान की बात कही जा रही है।
हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरदी गौरा के मजरा छीटनपुरवा में सोमवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग ने शिव देवी, लवकुश, भगौती व राकेश के घरों को अपने आगोश में ले लिया। घरों से आग की लपटें देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाना शुरु किया, लेकिन कड़ी धूप के चलते ग्रामीण नाकाम रहे। इस दौरान ग्राम प्रधान शिवकुमार राव ने ग्रामीण अशोक पंडित, प्रीतम पंडित, पूर्व प्रधान करुणा शंकर मौर्य आदि के साथ पंपिंग सेट चलवाकर आग बुझाने का प्रयास शुरु किया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग से ग्रामीणों के घर में रखा सामान, नकदी, जेवरात, प्रपत्र आदि जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने नल और पंपसेट चलाकर लगभग तीन घंटे की कड़ी मस्सकत के बाद आग पर काबू पाया। आग की सूचना पर नायब तहसीलदार महसी सौरभ सिंह, कानूनगो अशोक श्रीवास्तव आदि मौके पर पहुंचे और हर संभव मदद का वादा किया। नायब तहसीलदार सौरभ सिंह ने बताया कि पीड़ितों को जल्द मुआवजा दिलवाया जाएगा।