श्रावस्ती। इकौना क्षेत्र के चिरैधापुर निवासी दो अपराधियों की पुलिस को काफी समय से तलाश थी। उन पर गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई करने के साथ ही पुलिस की ओर से 15-15 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की गई थी। दोनों अपराधियों को शुक्रवार की रात गिलौला पुलिस ने पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया।
इकौना थाना क्षेत्र की ग्रामसभा मोहम्मदपुर राजा के मजरा चिरैंधापुर निवासी गणेशदत्त पांडेय व पंकज उर्फ उमादत्त पांडेय आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इनके विरुद्ध कई आपराधिक मामले थाने में दर्ज हैं। इनकी इकौना पुलिस को काफी समय से तलाश थी। इन दोनों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई भी की जा चुकी है। एसपी अरविंद कुमार मौर्य की ओर से इन दोनों पर 15-15 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई थी।
शुक्रवार देर रात गिलौला के प्रभारी निरीक्षक बृजेश द्विवेदी को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी मोहनीपुर पेट्रोल पंप के पास मौजूद हैं और कोई आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कर शनिवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।