श्रीकृष्ण की प्राचीन मूर्ति व पीली धातु की ईंटों के साथ दो गिरफ्तार
श्रावस्ती। मल्हीपुर पुलिस ने सोमवार रात चोरी की योजना बनाने की गुप्त सूचना पर दबिश देकर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से भगवान श्रीकृष्ण की प्राचीन मूर्ति, पीली धातु के सिक्के और ईंटें बरामद हुई हैं। पुलिस बरामद सामान को जब्त कर जांच में जुट गई है।
एएसपी चंद्रकेश सिंह ने बताया कि सोमवार रात उपनिरीक्षक सूरज कुमार गोंड अपनी टीम के साथ कानीबोझी चौराहे पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से झिरझिरवा जाने वाली नहर के किनारे झाड़ियों में दो संदिग्ध चोरों के मौजूद होने व चोरी की योजना बनाने की गुप्त सूचना मिली। इस पर उपनिरीक्षक ने टीम के साथ मौके पर दबिश दी और झाड़ियों में छिपे बैठे दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम बलरामपुर जिले के तुलसीपुर थाना क्षेत्र के गनवरिया निवासी मोबीन व मल्हीपुर थाना क्षेत्र के कानीबोझी निवासी अमीन बताया। दोनों ने चोरी की योजना बनाने के लिए इकट्ठा होने की बात स्वीकार की।
तलाशी में बरामद हुई मूर्ति व भारी मात्रा में पीली धातु
एएसपी ने बताया कि दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से भगवान श्रीकृष्ण की धातू की प्राचीन मूर्ति बरामद हुई। साथ ही पीली धातु की चार ईंटें, चार चौकोर और 13 गोल पीली धातु के सिक्के मिले। साथ ही दो टॉर्च, एक हथौड़ी, एक पेचकस, एक हेक्सा ब्लेड और दो लोहे की सरिया मिली हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि मूर्ति व सिक्के वो नेपाल के एक व्यक्ति से लाए हैं, जिसको वो पहचानते नहीं है। एएसपी ने बताया कि प्रकरण में जांच जारी है।