पुलिस कार्यालय में पुलिस की गिरफ्त में गांजा व रुपये के साथ पकड़े गए आरोपी।
श्रावस्ती। मल्हीपुर थाना, एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त टीम को शुक्रवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। संयुक्त टीम ने 2.365 किलोग्राम गांजे के साथ एक युवक व महिला को गिरफ्तार किया। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.18 लाख रुपये है। टीम ने आरोपियों के पास से गांजा बिक्री का 19 लाख 82 हजार 645 भारतीय रुपये व 320 नेपाली रुपये नकद जब्त किया।
एसपी राहुल भाटी ने बताया कि मल्हीपुर थाना प्रभारी महेंद्र कुमार सिंह शुक्रवार को वांछितों की तलाश में गश्त कर रहे थे। इस दौरान जमुनहा गांव में गांजा बिक्री की गुप्त सूचना मिली। सूचना पर थाना प्रभारी ने संयुक्त टीम के साथ जमुनहा गांव में दबिश देकर परचून की दुकान के बाहर बैठे शिवप्रसाद को गिरफ्तार किया। साथ ही सहयोगी लक्ष्मी को भी रफ्तार किया। तलाशी में दोनों के पास से गांजा व नकद रुपये बरामद हुए। साथ ही उनके पास से चार डिब्बा गांजा पीने वाला कोगो चिलम, 23 खुले हुए कोगो चिलम, चार बंडल गांजा पैक करने वाली सफेद पारदर्शी पन्नी, 48 खुली हुई गांजा पैक करने वाली सफेद पारदर्शी पन्नी, एक स्टेपलर, एक नेपाली पासपोर्ट बरामद हुआ। दोनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। लक्ष्मी ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसका पति बिकाऊलाल नेपाल से गांजा मंगवाता है और शिव प्रसाद के माध्यम से उसे बेचवाता है।