श्रावस्ती। पत्नी के अनैतिक संबंध की जानकारी के बाद आए दिन उसकी पिटाई व प्रेमी से विवाद रामफेरन की हत्या का कारण बना। रोज-रोज के विवाद से तंग आकर पुत्र ने ही अपनी मां के प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। इस मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने हत्या आरोपी पुत्र व पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र भिनगा के ग्राम हरिहरपुररानी निवासी रामफेरन (50) पुत्र बदल पासवान 28 सितंबर को घर से जड़ी-बूटी की तलाश में अंटा तिराहा के निकट जंगल में गया था। उसका शव तीसरे दिन जंगल में मिला था। इस मामले में भिनगा कोतवाली पुलिस ने गांव निवासी रामछबीले व चिंताराम पुत्रगण धरखन व अवधराम पुत्र रामछबीले के विरुद्ध हत्या का मामला पंजीकृत किया था।
इस मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने विवेचना व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडे को निर्देश दिया था। प्रभारी निरीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे व क्षेत्राधिकारी नगर हौसिला प्रसाद के निर्देशन में मामले की विवेचना की। इस दौरान मामले में की गई नामजदगी गलत मिली।
वहीं विवेचना में पता चला कि उदयराज पुत्र रामरूप यादव की पत्नी की मौत हो चुकी है जिसका अवैध संबंध मृतक रामफेरन की पत्नी से था। इसकी जानकारी के बाद रामफेरन आए दिन अपनी पत्नी से मारपीट व उदयराज के साथ झगड़ा करता था। इससे रामफेरन का पुत्र अजय कुमार उर्फ रामनिवास उससे नफरत करने लगा था। इसी बात को लेकर अजय ने उदयराज से मिलकर रामफेरन की हत्या की योजना बनाई।
इसके बाद जड़ी-बूटी के बहाने उसे जंगल भेजा जहां दोनो ने गला दबाकर रामफेरन की हत्या कर दी। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त साइकिल, गमछा, खुरपी व पैंट बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।