पुलिस मुठभेड़ के बाद बरामद तमंचा।
श्रावस्ती। कटरा के ग्राम गोपालपुर के मजरा होलईपुरवा में मिला पशु अवशेष गोवंश का था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की तो कुछ नाम सामने आए। इसके बाद से आरोपी फरार थे। रविवार रात पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद उनको गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक गोवंश, गोवध के उपकरण व तमंचा बरामद हुआ। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक वांछित घायल भी हुआ।
कटरा क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरवा के मजरा होलईपुरवा में गन्ने के खेत में 24 जून को पशु का सिर, जबड़ा व पैर मिला था। जांच में अवशेष गोवंश के निकले तो पुलिस ने केस दर्ज किया था। एसपी घनश्याम चौरसिया ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी सहित चार टीमों को लगाया था।
रविवार रात आरोपी मरवटिया नहर पुल के पास बाग में एक गोवंश को हत्या के लिए बांधे थे। सूचना पर कटरा पुलिस के साथ पहुंचे एसओजी प्रभारी नितिन यादव ने गोवंश बरामद किया। इस दौरान टीम ने दो लोगों को घेर लिया। घिरता देख आरोपियों ने फायर किया तो जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद दोनों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी बहराइच के विशेश्वरगंज क्षेत्र के मझवा बनकट निवासी मुनव्वर व मल्हीपुर क्षेत्र के लक्ष्मणपुर कोठी निवासी मुनसरीफ के कब्जे से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, दो बांका, चाकू व बोरी बरामद की। वहीं घायल मुनव्वर को सीएचसी इकौना लाया गया। एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि गिरफ्तार मुनव्वर के विरुद्ध पहले से पांच और मुनसरीफ के विरुद्ध तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।