श्रावस्ती। टीबी हारेगा देश जीतेगा अभियान के दूसरे चरण के तहत 12 जनवरी तक सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान चलाया जा रहा है। दो दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे राज्य सलाहकार ने बुधवार को जिले में सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राज्य सलाहकार डॉ. आर पी गुप्ता व जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. एमएल वर्मा ने भिनगा नगर स्थित कांशीराम आवास में कार्य कर रही टीमों के कार्यों की जांच की। इस दौरान राज्य सलाहकार ने कांशीराम आवास में रह रहे लोगों से बातचाीत करते हुए कहा कि यदि लोग टीबी के प्रति जागरूक हो जाएं तो इस बीमारी का खात्मा आसानी से हो जाएगा।
जिला क्षयरोग अधिकारी ने कहा कि हर दूसरे व्यक्ति में टीबी के संक्रमण होने की संभावना है। लेकिन जब तक व्यक्ति स्वस्थ है तब तक टीबी के बैक्टीरिया मृत अवस्था में शरीर में पड़े रहते हैं। जैसे ही व्यक्ति बीमार होता है टीबी के बैक्टीरिया व्यक्ति पर अपना प्रभाव डालना प्रारंभ कर देते हैं। इसके बाद राज्य सलाहकार ने डीपीसी रवि कुमार मिश्र के साथ भिनगा नगर स्थित वृद्धाश्रम में किए गए कार्यों की जांच की।
इस दौरान राज्य सलाहकार ने कहा कि अवस्था कमजोर होने पर टीबी का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में हम सभी को सार्वजनिक स्थान पर जाते समय मुंह को ढक कर रखना चाहिए। जिससे संक्रमण से बच सकें। टीबी का उपचार अधूरा करने पर स्थिति और बिगड़ जाती है। जिसका इलाज दो साल तक चलता है।