श्रावस्ती एयरपोर्ट के पास हुई मार्ग दुर्घटना में ट्रक के नीचे पहिए में फंसी बाइक।
कटरा (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ पर बृहस्पतिवार को ट्रक ने दो बाइक सवारों को रौंद दिया। इस हादसे में एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी इकौना पहुंचाया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
बलरामपुर जिले के तुलसीपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोड़क्का पोखरा निवासी चांद बाबू (20) पुत्र चिनकन बृहस्पतिवार को बाइक से शादी का न्योता बांटने इकौना आ रहा था। इस दौरान उसके साथ बलरामपुर कोतवाली क्षेत्र के काली थान निवासी सोनू (20) भी था। चांद बाबू जैसे ही श्रावस्ती एयरपोर्ट तिराहा के पास पहुंचा, तभी चांद बाबू बाइक से नियंत्रण खो बैठा। इससे वह बहराइच से बलरामपुर जा रही एक ट्रक के नीचे आ गया। वहीं ट्रक बिजली के खंभे को तोड़ते हुए मार्ग किनारे जाकर रुक गई।
घटना में चांद बाबू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू गंभीर रूप से तरह घायल हो गया। मौके पर पहुंची कटरा पुलिस ने घायल को सीएचसी इकौना पहुंचाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। सोनू को मेडिकल कालेज बहराइच रेफर किया गया है।