श्रावस्ती। अर्नब तूफान से जिले में सैकड़ों पेड़ जमींदोज हो गए। ऐसे में पेड़ों की चपेट में आने से कहीं विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त हुए तो कहीं मकान व बिजली के खंभे टूट गए। साथ ही कई मार्ग भी बाधित हो गए। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
विद्यालय भवन हुए क्षतिग्रस्त
अर्नब तूफान के आने से चली तेज हवा ने जूनियर हाईस्कूल भिनगा के परिसर में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ को धराशायी कर दिया। इससे विद्यालय भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, कई पेड़ परिसर में भी गिरे पड़े हैं। इसी तरह से इकौना के मोहल्ला बेचूबाबा स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में लगा विशाल पेड़ गिर गया। इस दौरान गनीमत रही कि विद्यालय में अवकाश था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घर व अस्पताल में भी गिरे पेड़
इकौना क्षेत्र में चली तेज हवा ने कस्बे में लगे पेड़ों को भी ढहा दिया है। मोहल्ला शास्त्रीनगर में सभासद मन्नान के घर पर पेड़ गिर गया था। प्राथमिक विद्यालय शास्त्रीनगर में भी पेड़ गिर गया। वहीं, राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल कटरा के परिसर में लगा पेड़ भी गिर गया। हालांकि पेड़ गिरने से किसी को जनहानि नहीं हुई है। कारण है कि उस समय न तो घर में कोई मौजूद था और न ही विद्यालय व अस्पताल में भी कोई मौजूद था।
पुलिस लाइन व तपोस्थली में भी गिरे पेड़
भिनगा स्थित पुलिस लाइन परिसर के बाहर लगा पेड़ चहारदीवारी पर गिर गया। इससे चहारदीवारी क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही पेड़ की चपेट में आने से बिजली का खंभा भी टूटकर गिर गया। इसी तरह से तपोस्थली में भी कई पेड़ गिर गए। इससे अंगुलीमाल गुफा की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया। हालांकि पुरातत्व विभाग के कर्मियों ने पेड़ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है।
गिरा पेड़।
गिरा पेड़।
गिरा पेड़।
गिरा पेड़।
गिरा पेड़।