श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में 22 सितंबर तक लेनदेन का काम बाधित रहेगा। इसका कारण हाल ही में मर्ज हुए अन्य ग्रामीण बैंकों के डाटा एकीकरण कार्य को बताया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की मुख्य शाखा भिनगा के वरिष्ठ प्रबंधक देवनाथ मंडल ने बताया कि विगत माह बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक, आर्यावत ग्रामीण बैंक व प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक का विलय किया गया है। ऐसे में इन सभी बैंकों का डाटा एक सर्वर में स्थानांतरित करने का कार्य 22 सितंबर तक किया जाएगा। इसके चलते ग्रामीण बैंक की शाखाओं में लेनदेन व अन्य सुविधाएं ग्राहकों को नहीं मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि तकनीकी एकीकरण के बाद आर्यावर्त ग्रामीण बैंक का आईएफएससी कोड भी बदल जाएगा। ग्राहक अधिक जानकारी के लिए अपनी नजदीकी शाखा में संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि तकनीकी एकीकरण के नाम पर आने वाले फोन, ईमेल व एसएमएस के जवाब में अपनी निजी जानकारी कतई न दें। इससे साइबर ठगी हो सकती है।