श्रावस्ती। भिनगा-सिरसिया मार्ग पर रेंज कार्यालय के निकट मंगलवार को एक पेड़ गिर गया। इससे सिरसिया क्षेत्र का संपर्क जिला मुख्यालय से पूरी तरह से कट गया। वहीं, हाईटेंशन लाइन भी इसकी चपेट में आ गई। इससे क्षेत्र की बिजली भी गुल हो गई। करीब पांच घंटे बाद आवागमन तो शुरू हो गया, लेकिन बिजली आपूर्ति़ बहाल नहीं हो सकी है।
बारिश व जलभराव से जंगल में मिट्टी दलदली हो गई है, जिसके चलते भिनगा-सिरसिया मार्ग पर लगभग सुबह 10 बजे रेंज कार्यालय के निकट एक जंगली सफेदा का पेड़ अचानक गिर गया। गनीमत रही कि कोई राहगीर पेड़ की चपेट में नहीं आया। पेड़ गिरने से सिरसिया व बघौड़ा क्षेत्र का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया। कुछ ही देर में सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई। वहीं, पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आकर 33 हजार केवीए की लाइन भी गिर गई और खंभे धराशाई हो गए। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने पेड़ हटाने का कार्य शुरू किया। विशालकाय पेड़ को पांच घंटे तक कड़ी मेहनत कर उसे रास्ते से हटाया जा सका। इसके बाद आवागमन पुन: बहाल हो सका। ऐसे में जिन लोगों को भिनगा पहुंचना अति आवश्यक था उन्हें करीब 35 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर वापस गुलरा से विशुनापुर पड़वलिया होते हुए लक्ष्मणपुर चौराहे से भिनगा आना पड़ा।
100 गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित
हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से घोलिया उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे मसहा कला, सोनबरसा, गुलरा, परसोहना, बघौड़ा, रोशनपुरवा, सिरसिया, बेचईपुरवा, भरथा, राजपुर, चौबेपुरवा, टिटिहिरिया, बेलहरी, शाहपुर, चिल्हरिया, शिवगढ़ खुर्द, जनकपुर सहित करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
वर्जन
पेड़ के अवशेष उठने के बाद बिजली के तार उसके नीचे से निकल सकेंगे। साथ ही टूटे बिजली के खंभों को नए सिरे से लगाया जाएगा। वन व बिजली विभाग के कर्मी प्रयास कर रहे हैं। देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए प्रयास जारी है।
राजीव यादव, एसडीओ विद्युत
पेंड़ गिरने से फंसी एंबुलेंस व अन्य लोग