श्रावस्ती। पुलिस लाइन में रविवार को एसपी राहुल भाटी की अध्यक्षता में यातायात जागरूकता माह का शुभारंभ हुआ। एसपी और एएसपी चंद्रकेश सिंह ने जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली ईदगाह तिराहा, अस्पताल तिराहा, पुरानी बाजार, कोतवाली भिनगा और दहाना तिराहा होते हुए पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।
एसपी ने कहा कि नवंबर माह में जिलेभर में जागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। टेंपो चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने तथा तेज गति और नशे में वाहन न चलाने की हिदायत दी। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी यातायात/नगर आलोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भिनगा राज प्रकाश सिंह और प्रभारी यातायात मोहम्मद शमीम सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।