श्रावस्ती। सिरसिया के विभूतिनाथ मंदिर में सोमवार को कजरी तीज का मेला लेगेगा। इसके लिए रविवार सुबह से कांवड़ियों का जत्था मंदिर की ओर निकल पड़ा। मंदिर पहुंचने पर कांवड़ियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए डीएम ने देर शाम को मंदिर की व्यवस्था जांची।
सिरसिया के विभूतिनाथ मंदिर में करीब तीन लाख कांवड़िया सोमवार को भगवान शिव को जलाभिषेक करेंगे। इसके लिए कावडि़यों का जत्था रविवार सुबह से ही मंदिर की ओर रवाना हो गया। बहराइच सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कावड़िये रविवार देर रात तक मंदिर परिसर में पहुंच जाएंगे। रात 12 बजे के बाद से जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। मंदिर में किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो, इसके लिए डीएम कृतिका शर्मा ने मेला परिसर का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर व आसपास सुरक्षा में तैनात मजिस्ट्रेटों व पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया। मेला परिसर में स्वास्थ्य कैंप में कुशल चिकित्सकों को तैनात रखने, भीड़ न लगे इसकी व्यवस्था करने तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों व पुलिस प्रभारियों को अपने कार्यस्थल पर मौजूद रहकर श्रद्धालुओं की मदद करने का निर्देश दिया।
इस दौरान एडीएम अमरेंद्र कुमार, एसडीएम भिनगा, तहसीलदार, डीपीआरओ, बीडीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
रिमझिम बरसात से मौसम हुआ सुहाना
श्रावस्ती। जिले में विगत कई दिनों से पड़ रही भीषण उमस भरी गर्मी से रविवार को राहत मिली। सुबह करीब ११ बजे से शुरू हुई रिमझिम बरसात रुक रुक कर पूरे दिन जारी रही। इस बीच चलने वाली पछुआ हवाओं ने जहां लोगों को उमस से राहत दिलाया। वहीं मौसम भी सुहाना हो गया। ऐसे में रविवार अवकाश के कारण लोग मौसम का आनंद लेते देखे गए। संवाद