श्रावस्ती। स्वतंत्रता दिवस पर भारत-नेपाल सीमा पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। एसपी राहुल भाटी ने सभी सीमावर्ती थाना प्रभारियों को एसएसबी के साथ समन्वय कर 24 घंटे गश्त करने व सीमावर्ती गांवों में भ्रमण करने का निर्देश दिया है। साथ ही जिले के अन्य थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टेशनों और धार्मिक प्रतिष्ठानों पर पुलिस की तैनाती व पिकेट वाहन के गश्त का निर्देश दिया है। एसपी राहुल भाटी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा से लगे थाना क्षेत्रों को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया है। सीमावर्ती पगडंडियों, सीमावर्ती गांवों, जंगल आदि में ड्रोन व डॉग स्क्वॉड भी तैनात रहेंगे। सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और अगर किसी ने भ्रामक या अफवाह फैलाने का प्रयास किया तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।