श्रावस्ती। नवागंतुक एसपी ने जिले में कार्य संभालते ही नो चाइल्ड लेबर अभियान के तहत बाल श्रम रोकने के लिए मुहिम तेज करने का निर्देश दिया। इसके अनुपालन में टीम ने गिलौला क्षेत्र में छापामार कर तीन बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया। इनमें से दो को परिवारीजनों को व तीसरे को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द किया गया है।
नवागंतुक पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्या ने जिले की कमान संभालने के साथ ही चलाए जा रहे नो लेबर अभियान के बारे में अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे व क्षेत्राधिकारी नगर हौसला प्रसाद से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एएचटीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार शुक्ला के नेतृत्व में श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा को अभियान तेज करने का निर्देश दिया।
जिसके अनुपालन में टीम ने गिलौला क्षेत्र के ईंट भट्ठा, ढाबा, होटल व दुकानों पर श्रमिक बच्चों की तलाश के लिए छापा मारा। इस दौरान टीम ने शंकर समोसा स्टाल, टंडन आटो पार्ट व विशाल गारमेंट्स से एक एक किशोर को बाल श्रम से मुक्त कराया।
इसमें से दो बालकों को श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने मौके पर ही संरक्षकों को बुलाकर उन्हें शिक्षा एवं पुनर्वास के प्रति जागरूक कर सौंप दिया। वहीं तीसरे बच्चे को श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने अध्यक्ष बाल कल्याण समिति के सामने पेश कर उसे चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। इस दौरान टीम में एसआई जोखन प्रसाद, महिला आरक्षी नेहा व अनन्या पाठक शामिल रहीं।