श्रावस्ती। गश्त पर निकली वन टीम के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने के आरोपी दंपती सहित तीन लोगों को रविवार की शाम कोतवाली भिनगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।कोतवाल राज प्रकाश सिंह ने बताया कि वन दरोगा विकास कुमार शुक्ला ने 27 जून को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह वन टीम के साथ अंटा-ककरदरी मार्ग पर गश्त व चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान रामपुर जब्दी निवासी मोहम्मद कासिम, उनकी पत्नी व रामनगरा निवासी सज्जन अली ने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। विरोध करने पर तीनों ने वन कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मोहम्मद कासिम ने अपने हाथ में लिए चाकू से वन दरोगा की गर्दन पर हमला भी किया। वन दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को अंटा तिराहा-रामपुर जब्दी मार्ग स्थित मजार के पास से गिरफ्तार किया।