श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ कुल संक्रमितों की संख्या जिले में बढ़ कर 1226 पहुंच गई है। वहीं छह लोग स्वस्थ भी हुए। इसके साथ ही कुल ठीक हुए लोगों की संख्या 1182 पहुंच गई। अब तक सत्रह लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हुई है। मौजूदा समय कोरोना के 27 एक्टिव मरीज हैं।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में इकौना के लंबरदार पुरवा निवासी एक, सिरसिया बाजार निवासी एक व हरिहरपुररानी के ग्राम राजापुररानी निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है। छह लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
इसमें इकौना के मिश्रौलिया निवासी चार, बेचूबाबा निवासी एक व हरिहरपुररानी के आजमबेगपुरवा निवासी एक व्यक्ति शामिल है। जिन्हें एहतियात बरतने का निर्देश देकर घर भेजा गया है। जिले में अब तक 168530 लोगों में कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 167434 लोगों की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है।
अब तक 1226 लोग कोरोना संक्रमित मिले। जिले में मौजूदा समय कुल 27 एक्टिव केस हैं। वहीं सात कंटेनमेंट जोन भी सक्रिय हैं। इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि कोरोना से सावधानी बरत कर ही बचा जा सकता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह बगैर मास्क व गमछा बांधे घरों से बाहर न निकलें। एक दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखे। घर पर वापस लौटने व समय समय पर साबुन से हाथ धोते रहे।