श्रावस्ती। वैश्विक महामारी कोरोना का संक्रमण जिले में बढ़ रहा है। मंगलवार को आई रिपोर्ट में तीन और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ जिले में अब तक 1258 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। वहीं पांच लोग संक्रमण से मुक्त भी हुए। जिन्हें एहतियात बरतने का निर्देश देकर घर भेजा गया है। अब तक 18 लोगों की संक्रमण के चलते मौत भी हो चुकी है।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को आई रिपोर्ट में गिलौला के तिलकपुर में एक व धूरे में दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकले। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां आसपास रह रहे लोगों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया है।
जिले में अब तक 181845 लोगों में कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 180780 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव निकली। वहीं 1258 लोग संक्रमित मिले। इनमें से 1217 लोग स्वस्थ भी हुए। अब तक 18 लोगों की संक्रमण के चलते मौत भी हुई है। जिले में मौजूदा समय कुल 23 एक्टिव मरीज हैं। सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि कोरोना से सावधानी बरत कर ही बचा जा सकता है। लोगों को चाहिए कि बगैर मास्क घर से बाहर न निकलें। एक दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखे।