सिरसिया (श्रावस्ती)। सोहेलवा जंगल से चोरी छिपे साखू के पेड़ काटे जा रहे हैं। इसके बाद इनके बूट बनाकर माफिया तय स्थान पर भेज रहे हैं। इसका खुलासा करते हुए वन विभाग की टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं दो लोग टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान टीम ने पांच बोटा साखू भी बरामद किया। पकड़े गए लोगों को लकड़ी सहित वन चौकी ले जाया गया।
सिरसिया क्षेत्र के पूर्वी सोहेलवा रेंज अंतर्गत जरमौली चौकी के कंपार्टमेंट 34 में कुछ वन माफिया की ओर से मंगलवार को साखू का पेड़ काटा गया। इसके बोटा बना कर माफिया कहीं ले जाने की फिराक में थे। इसकी सूचना जरमौली चौकी के वन दारोगा ओमप्रकाश को मिली। इस पर वन दारोगा ने वनरक्षक अमित कुमार सहित अन्य कर्मियों के साथ मौके पर छापा मारा। वन कर्मियों को देखकर वहां मौजूद माफिया भागने का प्रयास करने लगे।
इस पर टीम ने घेराबंदी कर तीन लोगों को दबोच लिया। वहीं दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। गिरफ्तार लोगों की पहचान लड्डन व महकूब निवासी कैथौली तथा उजागर निवासी मेढ़किया के रूप में हुई। जिनके कब्जे से टीम ने पांच बोटा साखू बरामद किया। जिसे टीम जरमौली चौकी ले गए। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को को सिरसिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस बारे में वन क्षेत्राधिकारी पूर्वी सोहेलवा मदन लाल बताते हैं कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस को सौंपा जाएगा।