कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सीताद्वार मंदिर परिसर में लगे मेले में मौजूद लोग। संवाद
श्रावस्ती/इकौना। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सीताद्वार झील में स्नान व माता सीता के दर्शन-पूजन के लिए बुधवार सुबह आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने भोर में सीताद्वार झील में स्नान कर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सीताद्वार मंदिर पर लगे मेले का आनंद लिया।
कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर बुधवार को सीताद्वार मंदिर में भोर से ही परिसर व रास्ते श्रद्धालुओं से भरे नजर आए। 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन किया। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता सीता, लव-कुश व महर्षि वाल्मीकि के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर परिसर में लगे मेले में जमकर खरीदारी की और टिक्की-चाट का लुत्फ उठाया।
मेले में सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों में देखने को मिला। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। सीताद्वार झील से लेकर मंदिर परिसर तक भारी मात्रा में पुलिस कर्मी तैनात रहे। एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम खुद सीओ इकौना भरत पासवान, सीओ अपराध आलोक सिंह व भारी दल-बल के साथ मेले में भ्रमणशील रहे और सुरक्षा का जायजा लेते रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया लखरांवा मेले का शुभारंभ
कार्तिक पूर्णिमा पर हरिहरपुर रानी विकासखंड के लखरांवा बाग मंदिर में लगने वाले तीन दिवसीय मेले का जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज के साथ फीता काट कर शुभारंभ किया। उन्होंने मंदिर परिसर में आरती व पूजन भी किया। इस दौरान आयोजक दिलीप ओझा भी मौजूद रहे।