श्रावस्ती। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में डायरिया, बुखार व चर्म रोग से पीड़ित मरीजों की भरमार रही। चिकित्सकों ने मेले में आए मरीजों के सेहत की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की।
पीएचसी कटरा में डॉ. अदिति पटवा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि मेले में 11 पुरुष, 12 महिला व छह बच्चों सहित कुल 29 मरीज आए। इसमें उदर रोग से पीड़ित छह, मधुमेह रोगी दो, चर्म रोगी छह, एनीमिया से पीड़ित दो, उच्च रक्तचाप पीड़ित 10 और दो गर्भवती महिलाएं आई। सभी का इलाज कर उन्हें दवाएं दी गईं।
पीएचसी तिलकपुर इकौना में डॉ. इंद्रपाल की अध्यक्षता में आयोजित जन आरोग्य मेले में दो महिला, चार पुरुष व तीन बच्चे इलाज के लिए आए। डॉ. इंद्रपाल ने बताया कि सबसे ज्यादा तीन रोगी त्वचा व तीन बुखार से पीड़ित रहे। एक खांसी व दो एनीमिया से पीड़ित मरीज आए। उनका इलाज कर दवाएं दी गईं।
पीएचसी टिटीहरिया में डॉ. मुजाहिद रजा की अध्यक्षता में आयोजित जन आरोग्य मेले में 102 मरीज आए। इसमें डायरिया के 30, मधुमेह के 15, बुखार के 20, उच्च रक्तचाप के 10, त्वचा रोग के पीड़ित 12 मरीज आए। वहीं, पीएचसी पड़वलिया में डॉ. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित मेले में 70 मरीज आए। इनमें डायरिया के 15, मधुमेह के 10 , बुखार के पांच, त्वचा रोग के 14 मरीज आए। उनका इलाज कर दवाएं दी गईं।
पीएचसी हरदत्त नगर गिरंट में डॉ. सालिम मसूद की मौजूदगी में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 38 मरीजों ने पंजीकरण करवाया। इसमें बुखार के 14 व अन्य रोगों से पीड़ित 24 मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने सभी का इलाज कर उन्हें दवाएं दी। इस दौरान फाॅर्मासिस्ट राजू खान, एलटी अरुण कुमार, अल्पना आदि मौजूद रहीं।