जमुनहा। मल्हीपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत परसोहना के मजरा अकालपुरवा से बीते दिनों संदिग्ध हालात में लापता हुए आशाराम यादव सकुशल घर पहुंच गए हैं। उनके पहुंचने के बाद से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। मल्हीपुर पुलिस आशाराम से पूछताछ में जुट गई है।
अकालपुरवा निवासी मीना देवी ने 11 दिन पूर्व थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पति आशाराम यादव की जान खतरे में है। पति शाम के समय खरीदारी के लिए बाजार निकले थे और रात में उन्होंने फोन कर कुछ लोगों द्वारा घेराबंदी करने व जान के खतरे की बात कही थी।
मीना की तहरीर पर पुलिस जांच शुरू की तो आशाराम की बाइक खेत के पास खड़ी मिली थी और पास में एक चाकू का कवर भी मिला था। इसके बाद से सभी लोग आरोपों को सही मान रहे थे और आशाराम के साथ अनहोनी की अटकलें लगा रहे थे।
अटकलों के बीच शनिवार रात आशाराम के सकुशल घर पहुंचने से सभी हैरान हैं। ग्रामीण अब आशाराम पर विपक्षियों पर कार्रवाई करवाने के लिए कूट रचित घटना दिखाने की बात कह रहे हैं।
मीना की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की थी। आशाराम के घर लौटने के बाद पूर्व में लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है।
-सौरभ सिंह, थाना प्रभारी