श्रावस्ती। हरितालिका तीज पर सोमवार को जिले के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-शांति के लिए भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। कई स्थानों पर महिलाओं ने हरितालिका तीज की कथा भी सुनी। श्रद्धालुओं ने घरों में भी विविध धार्मिक आयोजन किए। जलाभिषेक के लिए कांवड़िए रविवार सुबह से ही शिवालयों की ओर रवाना होने लगे थे। मंदिरों के साथ कांवड़ मार्गों पर आयोजित भंडारों में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सिरसिया प्रतिनिधि के अनुसार, पांडवकालीन बाबा विभूतिनाथ मंदिर में सुबह तीन बजे भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर विशेष शृंगार किया गया। चार बजे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। लेटकर और अन्य कठिन साधना करते हुए मंदिर पहुंचे कांवड़ियों को जलाभिषेक में प्राथमिकता दी गई। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, एसपी राहुल भाटी समेत अन्य लोगों ने भी भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में पूरी रात भंडारा चलता रहा। वहीं, मैनुद्दीन खां ने सिरसिया में भंडारा आयोजित कर कांवड़ियों को फल वितरित किए और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की।
कटरा प्रतिनिधि के अनुसार, पांडवकालीन बनीनाथ महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल रहा। पंडित अनोखी लाल पाठक ने बताया कि हरितालिका तीज पर भगवान शिव की आराधना से उनकी विशेष कृपा प्राप्त होती है।
जलाभिषेक करते श्रद्धालु।
जलाभिषेक करते श्रद्धालु।