एसडीओ व उनके सहायक के कार्यालय में लगा ताला।
गिलौला। विद्युत उपकेंद्र गिलौला में बृहस्पतिवार सुबह उपभोक्ताओं की बिजली समस्याओं के प्रति अधिकारियों की लापरवाही सामने आई। सुबह 11 बजे तक उपखंड अधिकारी प्रवेंद्र सिंह का कार्यालय पर ताला लटका मिला। उनके कार्यालय सहायक शशिकांत श्रीवास्तव भी अनुपस्थित पाए गए। इससे इतर विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एसडीओ से मिलने पहुंचे उपभोक्ता भटकते मिले। उपभोक्ताओं का आरोप है कि अक्सर एसडीओ कार्यालय पर ताला लटकता रहता है।
पड़ताल के दौरान एसडीओ कार्यालय व सहायक के कार्यालय के बाहर भी ताला लगा था। पास के कैश काउंटर पर जेई संदीप यादव संविदा लाइनमैन के साथ बैठे थे। भीषण उसम के बीच गिलौला क्षेत्र में बिजली की मांग बढ़ी है। लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या चरम पर है। इससे उपभोक्ता भारी आक्रोश में हैं। कई उपभोक्ता एसडीओ से मिलने के लिए भटकते रहे।
समाधान के लिए भटकते नजर आए ग्रामीण
कोट मुबारकपुर के खड़खड़ापुरवा निवासी संजय पांडेय, अमृत लाल, चिंता, लल्लू आदि भटकते नजर आए। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके गांव में नलकूप के ऊपर 11 हजार की हाईटेंशन लाइन लटक रही है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसे कसवाने के लिए कई बार शिकायत लेकर एसडीओ से मिलने आए हैं लेकिन उनका कार्यालय बंद होने से मुलाकात नहीं हो सकी है। जब जेई संदीप यादव से कार्यालय पर ताले के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि गाय घुस जाती है, इसलिए ताला लगा दिया जाता है।