कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते डीएम।
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डायट प्राचार्य, बांट-माप निरीक्षक व अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड-छह गैरहाजिर रहे। डीएम ने नाराजगी जताते हुए तीनों का एक-एक दिन का वेतन काटने का आदेश देकर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया।
डीएम ने कहा कि कम संतुष्ट फीडबैक मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी लोगों की शिकायतों का निस्तारण शीर्ष प्राथमिकता में करें। जनसमस्याओं के निस्तारण में जिले ने टॉप-5 में अपनी जगह बनाते हुए चौथी बार पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके लिए सभी अधिकारी बधाई के पात्र हैं। बैठक में सीडीओ शाहिद अहमद, सीएमओ डॉ. एके सिंह सहित सभी तहसीलों के एसडीएम व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।