भिनगा सिरसिया मार्ग किनारे गड्ढा खोद कर भूले जिम्मेदार
श्रावस्ती। नल से जल योजना के तहत ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। हालांकि कई जगहों पर पाइप लाइन बिछाने के नाम पर मार्ग को खोद कर छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ जगहों पर नाममात्र की पटाई कराई गई है। जबकि कई जगहों पर गड्ढे और उखाड़ी ईंट जस की तस छोड़ दी गई है।
वहीं भिनगा-सिरसिया मार्ग हो या भिनगा-तेंदुआ मार्ग किनारे निजी मोबाइल कंपनी ने फाइबर केबल बिछाने के लिए गड्ढे तो खोदे पर उनको भरा नहीं है। इससे वहां से गुजरने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही हादसे की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का आरोप है कि गड्ढा खोदने के बाद कहीं चेतावनी संकेतक भी नहीं लगाया गया है। जिससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं बीएसएनएल के जेई आलोक गुप्ता ने बताया कि गड्ढों को खोदने के बाद उसे पाटना ही चाहिए। साथ ही चेतावनी संकेतक भी लगाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो यह गलत है।