फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज हवा के साथ बारिश ने किया बेहाल

विज्ञापन
श्रावस्ती के जमुनहा में रिमझिम बरसात के मध्य स्कूल जातीं छात्राएं। - फोटो : SRAWASTI
विज्ञापन
श्रावस्ती। तराई में सोमवार रात चली तेज हवा के साथ गरज चमक कर शुरू हुई बारिश दूसरे दिन भी रुक रुक कर जारी रही। यह बरसात ज्यादातर फसलों के लिए संजीवनी साबित होगी। वहीं कुछ फसलों को इससे नुकसान पहुंचने की भी संभावना है। बरसात के कारण जहां जगह जगह कीचड़ व जलभराव की समस्या उत्पन्न होने से लोगों की परेशानी भी बढ़ी है, वहीं वाहनों की रफ्तार को भी ब्रेक लगा है।
विज्ञापन

जिले में मौसम का मिजाज सोमवार देर रात अचानक बदल गया। मध्यरात के करीब चली तेज हवा के बीच अचानक गरज चमक के साथ शुरू हुई बरसात दूसरे दिन भी रुक रुक कर जारी रही। फाल्गुन मास के दूसरे पखवारे में हुई यह बरसात फसलों के लिए टानिक मानी जा रही है। असिंचित सिरसिया के तराई क्षेत्रों सहित पिछड़ी फसलों के लिए यह बरसात औषधि का काम करेगी।
रुक रुक कर हो रही बरसात से खेतों की नमी लौट आई। इसका फायदा फसलों को मिलेगा, हालांकि तेज हवा के साथ हुई इस बरसात के कारण कई स्थानों पर गेहूं, अरहर सहित कई अन्य फसलों के गिर जाने से उनको नुकसान पहुंचने का खतरा भी बढ़ गया है। इस बरसात का असर लतादार सब्जियों पर भी पड़ने की संभावना बढ़ गई है। कभी झमाझम तो कभी रिमझिम हो रही इस बरसात के कारण कीचड़ व जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इससे लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ी हैं। वहीं मार्ग पर कीचड़ व फिसलन के कारण वाहनों के दुर्घटना ग्रस्त होने का खतरा भी बढ़ गया है। इससे वाहनों की रफ्तार पर भी असर पड़ा है।
विज्ञापन

मार्ग बने नाला, बढ़ी समस्या
जिले में हो रही बरसात के कारण भिनगा स्थित खैरीमोड़ व खरगौरा मोड़ पर भिनगा बहराइच मुख्य मार्ग व खैरी गांव जाने वाला मार्ग कई स्थानों पर पूरी तरह से नाला बन गया है। यही हाल नगर के खलवा बाजार, पुरानी बाजार सहित गिलौला, इकौना व कटरा में बौद्ध परिपथ का भी है। इससे सोनवा क्षेत्र का तुलसीपुर, चिचड़ी चौराहा, जमुनहा बाजार, बदला चौराहा, सिरसिया बाजार, भंगहा बाजार सहित कई अन्य स्थानों पर मुख्य मार्ग नाला बन गए हैं। वहीं भिनगा के दहाना बस स्टैंड, ईदगाह बस स्टैंड, सिरसिया बस स्टैंड सहित कई अन्य स्थानों पर कीचड़ व जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई। इससे लोगों की दुश्वारियां तो बढ़ी ही हैं, साथ ही लोगों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है।
इन फसलों पर पड़ सकता असर
तेज हवाओं के साथ हुई बरसात के कारण खेतों में लगी अगेती प्रजाति की गेहूं की फसल, अरहर की कुछ प्रजातियों सहित मटर आदि के गिर जाने से उनके खराब होने का खतरा बढ़ गया है। उधर जिन खेतों में सरसों, मसूर व अलसी में फूल आ रहे थे, उनके भी खराब होने का खतरा बढ़ा है। इसका असर लतादार सब्जियों पर भी पड़ेगा।
खेतों में लौटी नमी, आम की पैदावार भी होगी बेहतर
बरसात के कारण खेतों में अरहर, पिछड़ी प्रजाति के गेहूं, मेंथा, गन्ना आदि फसलों को फायदा मिलेगा। इससे खेतों में नमी वापस आ गई है। इसके साथ ही खेतों में लगी भिंडी, गोभी व अरुई आदि सब्जियों को भी फायदा मिलेगा। इससे किसानों को एक पखवारे तक इनकी सिंचाई करने से मुक्ति मिलेगी। वहीं बरसात के कारण नमी बढ़ जाने से इस बार गेहूं व आम की पैदावार बेहतर होने की संभावना बढ़ गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें