इकौना (श्रावस्ती)। जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे इकौना वासियों की समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसके लिए शासन की ओर से विधायक के प्रस्ताव पर 10 करोड़ 70 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करते हुए ढाई करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही जल्द ही इसका निर्माण शुरू कराया जाएगा।
बौद्ध परिपथ के किनारे स्थित इकौना नगर में जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। इसका कारण एक तरफ बौद्ध परिपथ तो दूसरी तरफ भिनगा-इकौना मार्ग व बाईपास और तीसरी तरफ इकौना देहात में बने मकान हैं। इनके कारण इकौना नगर की स्थिति तवे नुमा हो चुकी है। ऐसे में नगर का पानी नगर में ही इधर-उधर फैला रहता है।
नगरवासियों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडेय ने नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को प्रस्ताव दिया था। इस पर सर्वे कराने के बाद शासन की ओर से प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। विधायक ने बताया कि शासन की ओर से इकौना में जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 10 करोड़ 70 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करते हुए ढाई करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। निर्माण की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
परेवपुर में बनेगा मिनी स्टेडियम
ग्रामीण क्षेत्र के खेल प्रतिभाओं को संसाधनों के अभाव में निखरने का मौका नहीं मिल रहा था। वहीं इकौना तहसील क्षेत्र में कोई स्टेडियम न होने के कारण खिलाड़ी चाहकर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय के प्रस्ताव पर गिलौला विकास क्षेत्र के परेवपुर में मिनी स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है।
विधायक ने बताया कि मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए साढ़े दस करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। भूमि चयन प्रक्रिया होने के बाद इसका निर्माण शुरू कराया जाएगा। यहां मिनी स्टेडियम निर्माण के बाद इकौना व गिलौला विकास क्षेत्र के खिलाड़ियों को न सिर्फ अपना स्टेडियम मिलेगा। बल्कि वह भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश व प्रदेश में इकौना तहसील क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे।