ग्राम न्यायालय संचालन के लिए मौका मुआयना करते जिला जज व अन्य।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जिला जज ने गुरुवार को न्यायिक अधिकारियों के साथ इकौना में ग्राम न्यायालय संचालन के लिए निर्मित भवन व आवास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि इसी माह न्यायिक अधिकारी को नियुक्ति कर जल्द ग्राम न्यायालय का संचालन प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा।
इकौना तहसील क्षेत्र में ग्राम न्यायालय की स्थापना को लेकर अधिसूचना पूर्व में जारी की गई थी। इसके बाद न्याय विभाग की ओर से लाखों रुपये खर्च कर ग्राम न्यायालय संचालन के लिए भवन का निर्माण कराकर तहसील में न्यायिक अधिकारी के लिए आवास भी सुरक्षित किया गया था। इसके कई माह बाद भी ग्राम न्यायालय का संचालन प्रारंभ नहीं हो सका।
इस पर इकौना के अधिवक्ताओं ने हाइकोर्ट के प्रमुख न्यायाधीश व प्रशासनिक जज से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। इस पर उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश मृदुलेश कुमार सिंह ने प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय आरके सिंह, अपर जिला जज एसके सिंह, सीजेएम शीतला प्रसाद, सिविल जज जज प्रवर खंड अपर्णा देव, विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रशांत कुमार के साथ तहसील इकौना स्थिति ग्राम न्यायालय के भवन व न्यायिक अधिकारी के लिए सुरक्षित किए गए आवास का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने ग्राम न्यायालय का संचालन के लिए जल्द ही न्यायिक अधिकारी की नियुक्ति के लिए उच्च न्यायालय को रिपोर्ट भेजने का आश्वासन दिया। इस दौरान तहसीलदार इकौना शिवध्यान पांडेय, प्रभारी निरीक्षक इकौना रामकृपाल शुक्ला, तहसील अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार शर्मा सहित न्याय विभाग के नायब नाजिर आदि मौजूद रहे।