श्रावस्ती। नगर पालिका परिषद भिनगा सहित मुख्यालय स्थित सरकारी कार्यालयों व आवासों को अबाध विद्युत आपूर्ति के लिए अभी तीन माह और इंतजार करना होगा। इसका कारण विकास भवन के निकट उपकेंद्र का निर्माण पूरा न हो पाना है। हालांकि पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों का दावा है कि यदि इस बीच मैन पावर मिली तो लक्ष्मनपुर उपकेंद्र का संचालन प्रारंभ कर नगरवासियों को थोड़ी सहूलियत दी जाएगी।
भिनगा के 33 केवीए उपकेंद्र से नगर पालिका परिषद के 25 वार्डों सहित हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र, नदी पार इकौना, गिलौला व जमुनहा विकास क्षेत्र के साथ ही सिरसिया के लक्ष्मनपुर क्षेत्र के गांवों को विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। इसके साथ ही जिला अस्पताल, कलेक्ट्रेट, नवोदय विद्यालय को भी इसी उपकेंद्र से बिजली मुहैया कराई जा रही है। इन क्षेत्रों को आपूर्ति देने के लिए भिनगा टाउन प्रथम व द्वितीय, लक्ष्मनपुर, नवोदय विद्यालय, मछरिहिवा, सेमरी, कलेक्ट्रेट, जिला अस्पताल फीडर का सहारा लिया जा रहा है। जिले के सबसे पुराने इस उपकेंद्र से औसतन जिले के एक तिहाई गांव व उपभोक्ताओं को आपूर्ति दिलाई जा रही है।
ऐसे में कभी अधिभार तो कभी खराब मौसम के कारण लाइनों में फाल्ट आने से अक्सर आपूर्ति बाधित होती रहती है। समस्या से निजात के लिए भंगहा बाजार, लक्ष्मनपुर बाजार सहित विकास भवन के पीछे कृष्णनगर (बगुरइयां) वार्ड में 33 - 33 केवीए उपकेंद्र का निर्माण प्रारंभ कराया गया था। इसे जून 2019 में पूरा होना था। इनमें से भंगहा व लक्ष्मनपुर बाजार उपकेंद्र का निर्माण तो पूरा करा लिया गया, लेकिन भिनगा उपकेंद्र का निर्माण अभी अधूरा है। वहीं तकनीकी खामियों के कारण जहां भंगहा उपकेंद्र का संचालन नहीं हो पा रहा है, वहीं कर्मचारियों की कमी के कारण ट्रांसफार्मर चार्जिंग के बाद भी लक्ष्मनपुर उपकेंद्र से आपूर्ति नहीं की जा रही है।
इससे उपभोक्ताओं को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। निगम के अनुसार इन तीनों उपकेंद्रों से आपूर्ति मार्च तक प्रारंभ करा दी जाएगी। ऐसा होने के बाद उपभोक्ताओं को अबाध आपूर्ति का लाभ मिल सकेगा। इससे करीब पांच लाख लोगों को फायदा होगा। इस संबंध में अधिशासी अभियंता रमा शंकर मौर्य ने बताया कि पावर कॉर्पोरेशन के उच्चाधिकारियों को पत्र लिख कर लक्ष्मनपुर में मैन पावर बढ़ाने व भंगहा में तकनीकी कमी दूर करने की मांग की जा चुकी है। रही बात विकास भवन उपकेंद्र की तो बरसात के कारण बीच में काम रुकने से समस्या हुई थी। इसे मार्च तक पूरा करा लिया जाएगा।