जमुनहा पीएचसी में मरीज का इलाज करते चिकित्सक। - संवाद
श्रावस्ती/गिरंट बाजार/वीरपुर। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। वीआईपी ड्यूटी के कारण सेमरी तरहर पीएचसी में आरोग्य मेले का आयोजन नहीं हो सका।
मरीजों को रविवार के दिन भी समुचित चिकित्सा सुविधा मिल सके, इसके लिए सभी पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है। गिरंट बाजार पीएचसी में डॉ. सालिम मसूद के नेतृत्व में आयोजित आरोग्य मेले में कुल 62 मरीज पहुंचे। इनमें बुखार के 22, त्वचा रोग के 19 व अन्य बीमारियों के 21 मरीज शामिल रहे। सभी मरीजों का परीक्षण कर दवाएं दी गईं।
जमुनहा पीएचसी में डॉ. सुमन बाबू थापा के नेतृत्व में आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान 20 मरीज बुखार से, 15 सर्दी व जुकाम तथा आठ मरीज अन्य बीमारियों से पीडि़त मिले। सभी की जांच कर दवाएं दी गईं।
इकौना क्षेत्र के सेमरी तरहर पीएचसी पर आरोग्य मेले का आयोजन नहीं हो सका। डॉ. शकील अहमद ने बताया कि सभी कर्मियों की वीआईपी ड्यूटी लगाई गई है। कटरा पीएचसी पर भी आधे चिकित्साकर्मी ही मौजूद रहे। कारण यह रहा कि क्षेत्र में सदस्य न्यायाधीश राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण प्रधान न्यायपीठ नई दिल्ली डॉ. अफरोज अहमद के भ्रमण कार्यक्रम में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है।
तिलकपुर पीएचसी में डॉ. इंद्रपाल के नेतृत्व में आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। यहां कुल 37 मरीज पहुंचे, जिनमें बुखार व सर्दी-खांसी के मरीजों की संख्या अधिक रही। इसी तरह पीएचसी कटरा में भी आरोग्य मेले का आयोजन किया गया।