चिचड़ी स्थित एक राइस मिल में रखा चावल।
- फोटो : चिचड़ी स्थित एक राइस मिल में रखा चावल।
श्रावस्ती। जिले के 26 क्रय केंद्राें पर आज से धान खरीद की जाएगी। क्रय केंद्रों पर खरीदे जाने वाले धान की कुटाई के लिए 11 मिलों को सबद्ध किया गया है, जिसमें से एक मिल पर पूर्व से क्षमता से अधिक चावल स्टोर करने का आरोप लगा है। साथ ही शिकायतकर्ता ने मिल में फोर्टिफाइड चावल मौजूद होने का भी आरोप लगाया है।
भिनगा निवासी सूबेदार भास्कर ने सरकारी क्रय केंद्रों पर होने वाली धान खरीद के लिए सबद्ध चिचड़ी स्थित एक राइस मिल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। डीएम अश्विनी कुमार पांडेय को भेजे शिकायती पत्र में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मिल संचालक ने धान खरीद शुरू होने से पहले ही मिल में क्षमता से अधिक 3000 क्विंटल चावल स्टोर कर रखा है। इसमें फोर्टिफाइड चावल भी मौजूद है, जिसे धान खरीद शुरू होने के बाद किसानों से खरीदे गए धान को कूटकर चावल निकालना दिखाया जाएगा।
मिल में पूर्व से क्षमता से अधिक चावल स्टोर होने का प्रभाव धान खरीद शुरू होने के बाद उठान पर भी पड़ेगा। इस संबंध में मिल संचालक शहाबुद्दीन खां ने बताया कि मिल में किसानों से खरीदा गया 1000 क्विंटल चावल व 2000 क्विंटल धान मौजूद है। क्रय केंद्रों से धान पहुंचने से पहले मिल को खाली करवा लिया जाएगा। मिल में फोर्टिफाइट चावल मौजूद नहीं है।
चिचड़ी स्थित राइस मिल सहित 11 मिलें क्रय केंद्रों पर खरीदे जाने वाले धान से चावल निकालने के लिए संबद्ध हैं। खरीद शुरू होने के बाद अगर संचालक धान की उठान नहीं करता है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नरेंद्र मिश्रा, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी
कोट-
मिल संचालक खुद से धान व चावल की खरीद कर सकते हैं। अगर फोर्टिफाइड चावल रखने का आरोप है तो शिकायती पत्र मिलने पर जांच करवाई जाएगी।
ओमकार नाथ तिवारी, मंडी सचिव