जमुनहा/तुलसीपुर। संदिग्ध हालात में 17 फरवरी को लापता हुई भाकियू महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आंचल मिश्रा (35) की हत्या उसके प्रेमी सूरज वर्मा ने की थी। मंगलवार को पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमी की निशानदेही पर ककरदरी जंगल से शव के कुछ हिस्से, जूते व आधी जली साड़ी बरामद कर उसको जेल भेज दिया गया।
मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम बांसगढ़़ी निवासी आंचल मिश्रा भारतीय किसान यूनियन में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष थीं। 17 फरवरी को वह भिनगा में आयोजित भाकियू की बैठक में शामिल होने गई थीं, लेकिन बैठक के बाद घर नहीं लौटीं।
पति संतोष मिश्रा ने काफी तलाश करने के बाद 19 फरवरी को मल्हीपुर थाने में तहरीर दी थी। आंचल के कॉल डिटेल के आधार पर सोमवार को पुलिस ने उनके प्रेमी जमुनहा के भवनियापुर निवासी सूरज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने 17 फरवरी को ही आंचल की हत्या कर शव जलाने की बात स्वीकार की। सीओ भिनगा सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मंगलवार को सूरज की निशानदेही पर ककरदरी जंगल से आंचल के शव के कई हिस्से बरामद किए गए, जिनमें नीचे का जबड़ा, पैर, रीढ़ व सिर की हड्डी शामिल है।
इसके साथ ही घटना स्थल के पास से ही मृतका के दोनों जूते, मोजे, लगभग एक फीट लंबा जला हुआ साड़ी का टुकड़ा, दो कंगन, अधजला पर्स व बाल बरामद हुआ। जूते व कपड़े देखकर आंचल के पति संतोष ने पहचान की। इसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
आंचल के पति के साथ तलाशने का नाटक करता रहा प्रेमी
सीओ सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि हत्यारोपी सूरज वर्मा का आंचल मिश्रा के साथ तीन-चार महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आंचल कई दिनों से सूरज को ब्लैकमेल कर रुपये ले रही थी। इसी को लेकर 17 फरवरी को भी दोनों में विवाद हुआ था, जिसके बाद सूरज ने जंगल में आंचल की हत्या कर शव वहीं जला दिया। मामले में वह न फंसे, इसके लिए आंचल के पति संतोष के साथ तलाशने का नाटक करता रहा। कॉल डिटेल व लोकेशन की जांच में उसका नाम सामने आ गया।