डीएम को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता।-
श्रावस्ती। राजस्व कानूनों में संशोधन कर श्रावस्ती, बलरामपुर, बांदा और हरदोई में पायलट प्रोजेक्ट के तहत नई व्यवस्था लागू करने के विरोध में मंगलवार को मॉडल डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय के गेट पर धरना दिया। अध्यक्ष सुरेश चंद्र तिवारी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन के बाद जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को सौंपकर संशोधित कानूनों को वापस लेने की मांग की।
महामंत्री सतीश कुमार मौर्य ने बताया कि विरोध में जिलेभर के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। पूर्व अध्यक्ष जनार्दन प्रसाद श्रीवास्तव, ओमप्रकाश शुक्ल, दिनेश कुमार पाठक, अशोक कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता राम पारस भार्गव, विनोद कुमार श्रीवास्तव और रामचंद्र वर्मा दाढ़ीवाला ने पायलट प्रोजेक्ट वापस न लेने तक आंदोलन जारी रखने की मांग की। अध्यक्ष ने बताया कि 29 अक्तूबर तक रजिस्ट्री कार्यालय और सभी राजस्व न्यायालयों का बहिष्कार जारी रहेगा। प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष इंद्रसेन वर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप कुमार तिवारी, अनूप कुमार पाठक, चंद्र कुमार मिश्र, वेदप्रकाश मिश्र, अभिषेक त्रिपाठी, दिनेश यादव, सुधा वर्मा, रबी भार्गव, ज्ञान प्रकाश वर्मा, मोहम्मद नफीस और भवानी प्रसाद गोस्वामी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।