श्रावस्ती। हाथरस में युवती के साथ हुई दरिंदगी से पूरे देश मेें गुस्सा है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में भिनगा में कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। इसके बाद श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वारदात के आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए नारेबाजी की।
सपा कार्यकर्ताओं ने हाथरस की बेटी के साथ हुई वारदात के विरोध में दहाना तिराहे से ईदगाह तिराहे तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं कार्यकर्ताओं ने ईदगाह तिराहे पर कैंडल जलाकर हाथरस की बेटी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सर्वजीत यादव ने कहा कि हाथरस में हुई हैवानियत ने पूरी मानवता को शर्मसार कर दिया है। ऐसे दरिंदों को जल्द से जल्द फांसी दिलाई जाए। आरोपियों को संरक्षण देने वालों पर भी ठोस कार्रवाई हो। पूर्व विधायक इंद्राणी वर्मा ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार सभी मोर्चों पर विफल है।
इस सरकार में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। हर दिन कहीं न कहीं कोई न कोई बहन बेटी दरिंदगी का शिकार हो रही है। सरकार ऐेसे हैवानों पर कार्रवाई न कर उन्हें बचाने में लगी हुई है। सरकार प्रदेश दोषियों को बीच चौराहे पर फांसी दे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को पत्र भेजकर योगी सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
मौके पर कुंवर सत्येंद्र प्रताप सिंह, रामकुमार यादव, अशरफ खान, महेश यादव, अंजनी यादव, मुलायम यादव, जयप्रकाश, सुरेश तिवारी, ददन सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।